जीरकपुर पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है। इन चोरों ने रविवार को जरनैल एन्क्लेव में एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरों को कालका लाइट पॉइंट के नजदीक लॉटरी बाजार के पास से सफेद होंडा सिटी कार में पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान दविंदर सिंह देव निवासी पालम एन्क्लेव सैनी टावर जीरकपुर के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने चोरों के पास से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो सुनहरी रंग की भगवान की मूर्तियां और चोरी में इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार बरामद की है।
थाना जीरकपुर के एसएचओ जसवीर सिंह तूर ने बताया कि दविंदर सिंह उर्फ देव नाबालिग को चोरी करने के लिए अपने साथ रखता था। पुलिस ने दोनों चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अभी तक चोरी हुआ कैश बरामद नहीं कर पाई है। कैश बरामद करने के लिए आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि क्या इन चोरों ने शहर में किसी और चोरी को भी अंजाम दिया है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया जाएगा।