पंजाब के मोहाली क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर गांव झामपुर के प्रॉपर्टी डीलर रोहित को गोली मारने के मामले में सात बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान मनवीर सिंह उर्फ मनवीर राणा निवासी बरवाला (पंचकूला), दीपक कुमार उर्फ दीपू निवासी रायपुररानी (पंचकूला), प्रवीन कुमार निवासी घरौंदा (करनाल), मनीष सैनी उर्फ मनी निवासी बरवाला, निखिल कुमार निवासी नयागांव, रोहित कुमार उर्फ पीनू निवासी डड्डूमाजरा कॉलोनी (चंडीगढ़) और दीक्षांत उर्फ दीक्षू निवासी रायपुररानी के रूप में हुई है।
इनके अलावा पुलिस ने इस मामले में मूलरूप से रोपड़ के रहने वाले प्रिंस चौहान (हाल निवासी कनाडा), संदीप उर्फ काला राणा मूल निवासी गांव कनौली व हाल निवासी कनाडा और दिलबर निवासी गांव भैरोंवाली (अंबाला) को नामजद किया है।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी प्रिंस चौहान और काला राणा के इशारे पर ही ट्राइसिटी में रंगदारी मांगने का काम कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने .32 बोर की दो पिस्टल, पांच गोलियां, एक होंडा सिटी कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि आठ जून की रात को रोहित गांव झामपुर में अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग आए और उस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान रोहित के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए तो पता चला कि उससे रंगदारी मांगी गई थी।
जब उसने रंगदारी नहीं दी तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावर गोली मारने के बाद धमकी देकर गए थे कि रंगदारी नहीं दी तो अगली बार इससे भी बुरा अंजाम होगा। रोहित की शिकायत पर बलौंगी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने और अन्य बनती आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
वारदात के बाद विशेष टीमों ने संयुक्त प्रयास कर सबसे पहले आरोपियों का सुराग लगाया। इसके बाद पुलिस ने 25 जून से लेकर एक जुलाई तक कार्रवाई कर सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से असलहे और वाहन बरामद किए।
पंचकूला में भी क्लब के मालिक को धमकी देकर की थी फायरिंग
एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पंचकूला में एक निजी क्लब संचालक से भी रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर उसके क्लब के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस संबंध में पंचकूला सेक्टर-5 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बनती आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
कई वारदातों का हो सकता है खुलासा
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सात बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद इलाके में हुई कई वारदातें सुलझने की संभावना है। पंचकूला और मोहाली के अलावा आरोपियों के कुछ अन्य इलाकों में भी वारदात करने की आशंका है। पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।