क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर ठगों ने लुधियाना निवासी से 19.84 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 15 बैंकों में खोले गए 76 फर्जी खातों के जरिए बड़े नेटवर्क से वारदात को अंजाम दिया। इसे अब तक का बड़ा साइबर फ्रॉड माना जा रहा है।
स्टेट साइबर क्राइम थाना मोहाली में जगदीप सिंघाल की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 318 4, 336 3, 61 2 और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़ित ने एसआईटी गठित कर जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने फेसबुक के जरिए संपर्क कर भरोसा जीता और व्हाट्सएप कॉल व मैसेज के माध्यम से निवेश के लिए उकसाया। खुद को कॉइनएक्स कस्टमर केयर बताकर फर्जी वेबसाइट के जरिए ई वॉलेट बनवाया और अलग अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। शुरुआती निवेश के बाद वेबसाइट पर भारी मुनाफा दिखाकर भरोसा बढ़ाया गया।
रकम निकालने पर टैक्स और सर्विस चार्ज के नाम पर और पैसे मांगे गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आईडीएफसी, आईसीआईसीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस और बंधन बैंक समेत कई बैंकों में खाते खोले। फर्जी सिम और दस्तावेजों से नेटवर्क तैयार किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।