कोलकाता से किए गए थे गिरफ्तार
कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया के तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। मामले के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
सेक्टर-79 सोहाना में बलाचाैरिया की हत्या के बाद आरोपी कोलकाता भाग गए थे। इससे पहले राणा बलाचौरिया की हत्या करने की दो साजिश नाकाम हो चुकी थी।
मुख्य शूटर था करन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों बलविंदर सिंह उर्फ डॉनी बल और अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा के इशारों पर काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में करन पाठक उर्फ करन डिफॉल्टर (23) निवासी निमाल मंडी अमृतसर (मूल निवासी उत्तर प्रदेश) आज मार गिराया गया। उसने आदित्य उर्फ मक्खन के साथ मिलकर राणा बलाचौरिया पर फायरिंग की थी। दूसरा आरोपी तरनदीप सिंह (25) निवासी गांव बाड़ेवाल लुधियाना वारदात के समय मोटरसाइकिल के साथ मौके पर मौजूद था। उसने वारदात के बाद शूटरों को फरार कराने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। तीसरा आरोपी सुखशेरपाल सिंह उर्फ आकाश उप्पल (22) निवासी गांव उप्पल तरनतारन साजिश और रेकी में अहम भूमिका निभाने वाला बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह गैंगस्टर अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा का रिश्तेदार है।
अक्तूबर 2025 में रची गई थी हत्या की साजिश
राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश अक्टूबर 2025 में रची गई थी। इसके बाद आरोपी चंडीगढ़, कालका, जीरकपुर और खरड़ के विभिन्न होटलों में ठहरते रहे और मौके की रेकी करते रहे। आरोपी विदेश से संचालित गैंग के लिए शूटर के तौर पर काम करते थे। हत्या व फिरौती की वारदातों को अंजाम देते थे। इससे पहले पुलिस ने अशदीप सिंह निवासी गांव नौशाहिरा पन्नुआं जिला तरनतारन, जुगराज सिंह उर्फ जग्गा निवासी छापियांवाली जिला अमृतसर, मनदीप सिंह उर्फ मोटा निवासी मीराकोट चौक खैराबाद रोड जिला अमृतसर, देविंदर सिंह उर्फ टिंका निवासी महादेव कॉलोनी जिला पंचकूला हरियाणा, गगनदीप सिंह उर्फ करन सोहल निवासी वडाला कॉलोनी जालंधर को गिरफ्तार किया था। हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डी निवासी जिला तरनतारन लालड़ू क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। एसएसपी ने बताया कि राणा बलाचौरिया की हत्या करने वाला शूटर आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और उसके कुछ सहयोगी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।