48 घंटे में आरोपी नहीं पकड़ा तो आत्महत्या जैसा कड़ा कदम उठा सकती हैं
पिता ने भी बेटी की बात को दी सहमति, खरड़ में मार्च का है मामला
आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। खरड़ निवासी एक पंद्रह साल की लड़की ने एसएसपी को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर इंसाफ की गुहार लगाई है। लड़की का आरोप है कि उससे छेड़छाड़ के मामले का आरोपी आठ महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। इससे वह काफी आहत है। पीड़ित ने मैसेज में साफ किया है कि 48 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह आत्महत्या जैसा कोई भी कदम उठा सकती है। वहीं, उसके पिता ने भी उसके प्रति अपनी सहमति जताई है। जबकि थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर कंवलजीत सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अदालत में चालान पेश कर चुके हैं। अदालत से उसके वारंट भी जारी हो चुके हैं। जबकि आरोपी काफी शातिर है। वह, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपनी लोकेशन बदल लेता है। पुलिस ने उसको गिरफ्तार करने के लिए मलोट, फाजिल्का, अबोहर, राजपुरा, मोहाली व ट्राइसिटी में कई बार उसकी तलाश में दबिश दे चुकी है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला करीब आठ महीने पुराना है। मार्च में लकड़ी की मां का दोस्त उनके घर आया। इस दौरान आरोपी जसपाल सिंह उर्फ जस्स मक्कड़ उर्फ पाली निवासी मुक्तसर साहिब ने मौका पाकर उससे छेड़छाड़ की कोशिश की। इस दौरान उसने इस बात का विरोध किया। साथ ही सारी बात अपनी मां को बताई। लेकिन मां ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। हालांकि जैसे ही उसके पिता घर पहुंचे। उसने सारी बात अपने पिता को बताई। इसके बाद पिता ने उसका साथ दिया। साथ ही आरोपी व उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज किया था। सिटी थाने की पुलिस ने लड़की की मां को तो गिरफ्तार कर लिया। लेकिन आरोपी काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है। पीड़िता का कहना है कि इतने दिनों से पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उसके पिता व वह काफी परेशानी में चल रहे है। आरोपी काफी शातिर है। वह कुछ भी कर सकता है। जबकि इसी मामले की सह आरोपी उसकी मां भी जेल से बाहर आ गई है। साथ ही अब अलग रह रही है।