घर में घुसकर हमला करने का आरोप, मामला दर्ज
जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में हरमनपौल सिंह कंग निवासी सुषमा विस्टा ग्रीन ने बताया कि वह सोमवार रात घर के बाहर फोन पर बात कर रहे थे। नेटवर्क में खराबी के कारण उन्हें ऊंची आवाज में बात करनी पड़ रही थी, इसको लेकर पड़ोसियों ने एतराज जताया। हरमनपौल सिंह का आरोप है कि बात करने के बाद जब वह घर गए तो पड़ोस में रहने वाले अमित और सचिन ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। उनकी आवाज आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्हें छुड़ाया।