सात एलईडी समेत तीन चोर काबू
जीरकपुर। पुलिस ने तीन चोरों को सात एलईडी टीवी समेत काबू किया है। आरोपियों ने अप्रैल महीने में जीरकपुर मेन बाजार स्थित एक दुकान से चोरी किया था। थाना प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बुधवार रात करीब 9:30 बजे गाजीपुर सड़क पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान तीन युवक सिर पर एलईडी टीवी रखकर आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर जब पूछताछ की तो वह जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि उक्त एलईडी चोरी के हैं, जिनको उन्होंने जीरकपुर मेन बाजार स्थित लोंगिया इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप से चुराया है। पुलिस तीनों को थाने ले गई और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मान सिंह निवासी जीरकपुर, राजकुमार निवासी जीरकपुर (मूलरूप से नेपाल), विजय कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी उक्त सामान को बिहार ले जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।