शराब से भरी गाड़ी पकड़ी, 250 पेटियां बरामद
खरड़। थाना सिटी पुलिस ने चंडीगढ़ से पंचायत चुनावों के लिए पंजाब ले जाई जा रही अवैध शराब की 250 पेटियां बरामद की है। थाना सिटी के एसएचओ भगवंत सिंह रियाड़ ने बताया कि एएसआई केवल सिंह समेत पुलिस टीम कैप्टन चौक खानपुर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि चंडीगढ़ सेक्टर-20 के ठेकेदार विजय कुमार तथा हरप्रीत सिंह अपने शराब के ठेके की आड़ में बिना परमिट तथा बिना एक्साइज ड्यूटी चुकाए शराब को पंजाब में सप्लाई कर रहे हैं और चंडीगढ़ से एक गाड़ी में शराब की पेटियों को लेकर खरड़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करके गाड़ी नंबर पीबी-10-एफडी-5994 को रोका तो गाड़ी का चालक तथा परिचालक गाड़ी को वहीं छोड़ कर अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी से अवैध शराब की 250 पेटियां बरामद हुई, जिन पर फार सेल इन चंडीगढ़ लिखा हुआ था। पुलिस ने चंडीगढ़ शराब के ठेकेदार विजय कुमार, ठेकेदार हरप्रीत सिंह तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।