लूट की योजना बना रहा पिस्तौल और कारतूसों समेत काबू
सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा
आरोपी आगरा से साठ हजार का हथियार लेकर आया था
मूल रूप से यूपी का रहने वाला आरोपी अभी फेज-दो में किराए पर रह रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। जिला पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 32 बोर पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान संजय गुप्ता निवासी दर्शन पुरवा कानपुर यूपी हाल निवासी फेज-दो मोहाली के रूप में हुई है। आरोपी पर सिटी खरड़ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में इसकी पुष्टि की है। एसएसपी आफिस में मीडिया से रूबरू होते हुए एसएसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपी के अन्य साथी भी काबू किए जाएंगे।
लाटरी का काम ठप हुआ तो चुनी यह राह
एसएसपी ने बताया कि आरोपी काफी शातिर था। उसने लूट के लिए असलाह आगरा (यूपी) में साठ हजार रुपये में खरीदा था। यह पिस्टल इटली मेड है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि वह पहले लाटरी का काम करता था लेकिन उसकी आर्थिक हालात काफी खस्ता थी। जिसके चलते उसने यह राह चुनी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके इस काम में अन्य सहयोगी कौन थे।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं हथियारों सहित आरोपी
इससे पहले भी शहर में अवैध तरीके से हथियार लेकर वारदातों को अंजाम देने की फिराक में लगे कई आरोपी पकड़े गए हैं। कुछ समय पहले चप्पड़चिड़ी से कार में बैठकर लूट की योजना बना रहे आरोपियों को पुलिस ने दबोचा था। उनसे काफी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे। इसके बाद एयरपोर्ट में मुंबई जा रहे एक व्यक्ति को उस समय काबू किया गया था जब वहां पर लगे सेंसर में व्यक्ति की जेब से एक कारतूस मिला था।