लालड़ू इलाके में तीन दिन में लूट की दूसरी घटना
घायल युवक चंडीगढ़ रैफर, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है
अमर उजाला ब्यूरो
लालडू। अंबाला चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित लालडू पेट्रोल पंप के निकट एक एक व्यक्ति पर दो लुटेरों ने चाकू से हमला कर उसकी नकदी व सेलफोन छीनकर फरार हो गए। घायल युवक को पहले डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर हालत देखते हुए उसे जीएमसीएच, चंडीगढ़ में रेफर किया गया।
जानकारी मुताबिक घायल 22 वर्षीय प्रदीप कुमार निवासी जिला मुंगेर बिहार का रहने वाला है। वह लालड़ूू मंडी में किराए के मकान में रहता है और स्थानीय आनंद निशिकावा कंपनी में एक ठेकेदार के तहत बतौर हेल्पर कार्यरत है। उसके साथी सनोज ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल पर लालडू मंडी लौट रहा था। जैसे ही वह पैट्रोल पंप के निकट ब्यास डेरा की ओर जाने वाली लिंक सड़क के किनारे स्थित कबाड़ की दुकान के पास उसे दो युवकों ने घेर लिया। उन्होंने प्रदीप से नकदी समेत कीमती सामान की मांग की। विरोध करने पर दोनों युवकों ने उसे चाकू घोंप दिया। प्रदीप लहूलुहान हो गया और वहीं गिर गया। लुटेरे उसकी जेब से तीन सौ रुपये और उसका सेलफोन निकालकर अंधेरे में फरार हो गए। करीब दस मिनट बाद उसी फैक्ट्री से लौट रहे सनोज ने घायल प्रदीप को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे जीएमसीएच, सेक्टर 32 रेफर कर दिया गया। सनोज के अनुसार अस्पताल में पुलिस तो नहीं पहुंची परंतु ठेकेदार व उसके साथी पहुंचे हुए हैं जो प्रदीप का इलाज करा रहे हैं। जब बारे में थाना लालड़ूू प्रभारी दलबीर सिंह ने पहले बताया कि इस संबंधी ऐसी कोई वारदात लालड़ूू में नहीं हुई है, बाद में मामले की जांच में जुटे एएसआई गुरबचन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में लगी है, जल्द ही मामले की पूरी जानकारी दे दी जाएगी।
तीन दिन में यह दूसरी वारदात
यहां पर हैरानी वाली बात यह हैं कि वारदात के 24 घंटे बीत जाने पर भी लालड़ूू पुलिस खबर लिखे जाने तक इस वारदात संबंधी कोई सूचना ना होने का दावा करती रही। जबकि तीन दिन पहले 15 दिसंबर को अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित लैहली में एक स्वीट्स शॅाप के सामने से दिनदहाडे कार का शीशा तोड़ कर 1.95 लुटने की हुई वारदात में पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। अब एक के बाद एक हुई लुट की वारदात से लोग बुरी तरह सहमे हुए हैं।
लालडू मंडी में चाकू लगने से घायल हो गया लूट का शिकार प्रदीप सिविल अस्प्ताल में।