चालक के सिर पर चढ़ा ट्रक का टायर, मौत
स्लिप रोड पर ड्राइवर ट्रक ठीक कर रहा था, अचानक ट्रक के चलने से कुचल गया युवक
चंडीगढ़ से स्क्रैप लेकर लुधियाना जा रहा था, दुबई से उसके भाई के के आने पर ही होगा पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार सुबह स्क्रैप से भरा लुधियाना जा रहा ट्रक अचानक खराब हो गया। चालक ट्रक रोककर नीचे उतरा और उसे ठीक करने लगा। इस दौरान अचानक ट्रक का टायर उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बारे में पुलिस को सुबह छह बजे सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को सिविल अस्पताल में रखवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित किया। मृतक की पहचान रणधीर सिंह निवासी कुराली के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि मृतक की एक बेटी है, जो नौवीं कक्षा में पढ़ती है। चालक का भाई दुबई में है। वह रविवार को आएगा, उसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सभी सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मामले के जांच अधिकारी एसएसआई राज सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक, रणधीर सिंह चंडीगढ़ से स्क्रैप लेकर लुधियाना जा रहा था। जब वह एयरपोर्ट रोड पर सेक्टर-80/81 में पहुंचा तो ट्रक में खराबी आ गई। इसके बाद चालक ने ट्रक को स्लिप रोड पर खड़ा कर दिया और ट्रक के नीचे जाकर उसकी मरम्मत शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, इस दौरान ट्रक अचानक आगे बढ़ गया और उसका टायर चालक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मृतक के परिवार वाले भी शहर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मृतक का पीजीआई से भी इलाज चल रहा था। उसके भाई के आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।