यूपी पुलिस द्वारा पकड़े गैंगस्टर काली को मोहाली लाएगी पुलिस
आरोपी पर मोहाली में एटीएम लूट समेत कई केस हैं दर्ज
पुलिस की पकड़ से था बाहर, प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
बलौंगी में हुई एटीएम लूट समेत कई वारदातों से जल्द पर्दा उठने की संभावना है। यूपी पुलिस द्वारा पकड़े गए गैंगस्टर काली को जल्द ही मोहाली पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। यह खुलासा वीरवार को एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने किया।
उन्होंने बताया कि उनकी तरफ से पहले भी काली को यूपी से लाने की तैयारी की गई थी। प्रोडक्शन वारंट लेकर भी उनकी टीम गई थी, लेकिन उसमें खामियां होने के कारण प्रोजेक्ट कामयाब नहीं हो पाया था। ऐसे में अब दोबारा सारी प्रक्रिया की जाएगी, जिसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुुताबिक, काली पर मोहाली के भी कुुछ थानों में केस दर्ज हैं। वह काफी समय से पुलिस की पकड़ से बच रहा था। जिला पुलिस ने कुछ समय पहले गैंगस्टरों की एक बुकलेट तैयार की थी। उसमें काली का नाम भी शामिल था। सूत्रों की माने तो बुकलेट छपने के बाद काली को यह आशंका सता रही थी की वह पकड़ा जाएगा। वह पंजाब से भागकर यूपी चला गया था। इसके बाद वह यूपी में वहां की पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हालांकि उसे काबू करते समय गोलीबारी भी हुई थी। इसमें वह घायल भी हो गया था।
मोहाली पुलिस के इनपुट पर पकड़ा गया
एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि यूपी में काली उनकी तरफ से दिए गए इनपुट के आधार पर ही पकड़ा गया। पंजाब पुलिस को सूचना थी कि काली वहां पर छिपा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने वहां की लोकल पुलिस को सूचित किया गया था। साथ ही उसे दबोचा गया। जिक्रयोग है कि मोहाली पुलिस ने पिछले कुछ समय में कई गैंगस्टर काबू किए हैं। इनमें से कुछ गैंगस्टर दिल्ली में फायरिंग के बाद पकड़े गए थे।