मोहाली। शहर में एक बार बाइक सवार स्नैचर गिरोह सक्रिय हो गया है। बाइक सवार गिरोह के मेंबरों ने पैदल घर आ रही महिला को अपना निशाना बनाया। आरोपी महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में महिला का मोबाइल फोन, नकदी व कुछ जरूरी दस्तावेज थे। महिला ने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। फेज-3बी2 की निवासी महिला हरजीत कौर मंगलवार देर शाम मार्केट से अपने घर की ओर पैदल आ रही थी। अभी वह अपने घर से थोड़ी दूर थी, तभी एक बाइक सवार उसके पास आकर रुका। बाइक स्वार ने उससे कुछ पूछने का बहाना बनाकर उसके हाथ से पर्स झपटा और फरार हो गया। महिला ने बताया कि उसके पर्स में उसका मोबाईल फोन, लगभग 5 हजार रुपये व कुछ जरूरी कागजात आदि थे। इस झपटमारी की शिकायत महिला ने पुलिस को दे दी है। जिक्रयोग है कि ऐसी ही एक वारदात कुछ दिन पहले शाहीमाजरा में हुई थी। जब एक युवती अपने आफिस से लौट रही थी। इसी बीच युवती को निशाना बना लिया था। हालांकि इस दौरान युवती ने सौ नंबर पर फोन भी किया था, लेकिन पुलिस काफी देर के बाद पहुंची थी।