एसटीएफ ने की एक और गिरफ्तारी
मोहाली। स्पेशल टास्क फोर्स ने नशीले पदार्थों समेत पकड़े गए इंस्पेक्टर इंदरजीत सिंह वाले केस में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलविंदर सिंह तरनतारन निवासी के रूप में हुई है। वह पहले पकड़े गए प्रॉपर्टी डीलर साहिब सिंह का साला है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज में दिया गया। पूछताछ में आरोपी बलविंदर ने बताया कि इंस्पेक्टर ने एक कोठी उसके नाम करवा रखी है। जिक्रयोग है कि एसटीएफ ने पुलिस इंस्पेक्टर इंदरजीत सिंह के खिलाफ 12 जून को विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इंदरजीत सिंह की रिहायश से एसटीएफ की टीम ने चार किलोग्राम हेरोइन, तीन किलोग्राम स्मैक और असलहा बरामद किया था। उसकी गिरफ्तारी के दूसरे दिन टीम ने उसके गनमैन एएसआई अजायब सिंह को काबू किया गया था। अजायब सिंह को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक 32 बोर का ब्राजील मेड पिस्तौल, 71 कारतूस और भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद होने के बाद अदालत ने उसे जेल भेज दिया था। उसके बाद प्रॉपर्टी डीलर साहिब सिंह को कपूरथला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था। जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई है।