गलत तरीके से जमीन की रजिस्ट्री करवाने पर आठ पर केस दर्ज, दो काबू
मोहाली। एयरपोर्ट रोड के साथ लगते गांव बलियाली में जमीन विवाद सामने आया है। माल विभाग के अधिकारियों को अंधेरे में रखकर कुछ लोगों ने जमीन की गलत रजिस्ट्री करवा ली। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस स्टेशन फेज-1 मोहाली में कुलविंद्र सिंह निवासी गांव शामपुर की शिकायत पर पुलिस ने इंद्रजीत सिंह, नरिंद्र सिंह, बहादुर सिंह, हरजिंद्र सिंह, गुरजीत कौर, सुरजीत सिंह (सभी निवासी गांव बलियाली), मोहन सिंह निवासी गांव रायपुर कलां (चंडीगढ़), शंकर कुमार निवासी टीडीआई सिटी सेक्टर-117 मोहाली के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 419, 420, 465, 467, 468, 471 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने इस केस में हरजिंद्र सिंह व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ पुलिस स्टेशन फेज-1 जतिंद्रपाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इस मामले के आरोपी भी गांव बलियाली के अच्छे परिवार से संबंध रखते हैं। गांव की राजनीति में भी उक्त परिवार सक्रिय रहा है।