युवकों ने ट्रैफिककर्मी से की मारपीट, वर्दी फाड़ी
पटियाला चौक पर स्कूटर सवार तीन युवकों ने पुलिसकर्मी से की गाली-गलौच
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
पटियाला चौक पर स्कूटर सवार तीन युवकों ने ट्रैफिक कमी से मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने कांस्टेबल प्रेम सिंह की शिकायत पर पंचकूला के सेक्टर-21 निवासी संजीव, मनोज और कुलदीप कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कांस्टेबल प्रेम सिंह ने बताया कि शनिवार को पटियाला चौक पर तैनात थे। ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण लाइटों को बंद कर यातायात को सुचारू करने में जुटे थे। इस दौरान डेराबस्सी तरफ से एक स्कूटर पर तीन युवक आए, उन्हें जब रुकने को कहा तो युवकों ने उसकी टांगों पर स्कूटी चढ़ा दी। ट्रैफिक कर्मी का आरोप है कि उक्त युवकों ने गाली गलौच की और मारपीट कर वर्दी तक फाड़ दी। पुलिस ने कांस्टेबल की शिकायत पर तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।