शिअद की पूर्व पंच के बेटे पर विधवा का प्लॉट हथियाने का आरोप
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर शुरू की जांच, दूसरे पक्ष से जमीन के दस्तावेज मांगे
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
शिअद की पूर्व पंच कुलदीप कौर के बेटे के खिलाफ एक विधवा ने शिकायत दी है। विधवा का आरोप है कि पूर्व पंच का बेटा उसके प्लॉट को हथियाने के लिए उसे परेशान और जान से मारने की धमकियां देता है। पुलिस ने पूर्व पंच के बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। विधवा ने शिकायत में अमरजीत सिंह बब्बू से अपनी जान को खतरा बताया है। इस संबंध में जब उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने संतोषजनक जवाब न देते हुए फोन काट दिया।
साहिल छाबड़ा पुत्र सुभाष छाबड़ा निवासी मकान नंबर-2515, तेलहन सोसायटी सेक्टर-50/सी चंडीगढ़ ने जीरकपुर थाने में शिकायत दी है कि उन्होंने 2005 में वीआईपी रोड स्थित मिल्टन टावर के समीप पूर्व अकाली पंच के बेटे अमरजीत सिंह उर्फ बब्बू नामक प्रॉपर्टी डीलर से एक प्लॉट खरीदा था। प्लाट खरीदते समय प्रॉपर्टी डीलर अमरजीत सिंह को मुंह मांगी रकम अदा कर दी थी। कुछ वर्षों बाद उन्होंने जब बाउंड्रीवॉल का काम शुरू किया तो उक्त प्रॉपर्टी डीलर ने नगर काउंसिल में झूठी शिकायत देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस मामले को लेकर उन्होंने जब पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई तो उक्त प्रापर्टी डीलर ने पंजाब पुलिस विभाग में आईजी रैंक के एक उच्चाधिकारी से संबंधों का जिक्र करते हुए धमकियां दी और एएसआई हरजिंदर सिंह के ऊपर दबाव बनाया, ताकि उसकी शिकायत पर कार्रवाई न हो पाए।
विधवा को छह घंटे तक थाने में बिठाए रखा
शिकायत के अनुसार, सोमवार को साहिल विधवा मां राज छाबड़ा के साथ पुलिस थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर जांच अधिकारी एएसआई हरजिंदर सिंह ने उनको छह घंटे तक थाने के अंदर बिठाए रखा। आरोप है कि प्रापर्टी डीलर अमरजीत सिंह उर्फ बब्बू के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत देने के बावजूद उसे एक बार भी नहीं बुलाया गया। जबकि उन्हें बार-बार पुलिस थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा है।
फोन कर दी धमकी, ‘प्लाट मुझे वापस बेच दो, वरना मरवा दूंगा’
शिकायत में विधवा ने पुलिस को बताया है कि यह प्लॉट उन्होंने 2005 में अमरजीत सिंह उर्फ बब्बू से खरीदा था। तब इसकी कीमत लाखों में थी। वहीं, अब इस प्लाट की कीमत करोड़ों में हो चुकी है, इसलिए अमरजीत सिंह उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि अमरजीत सिंह ने फोन करके धमकी दी है कि अगर उन्होंने उक्त प्लाट मुझे वापस नहीं बेचा तो वह मरवा देगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रॉपर्टी डीलर अमरजीत सिंह उर्फ बब्बू द्वारा किए फोन कॉल्स की ऑडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को दी है।
कोट्स ::::::
साहिल छाबड़ा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में दूसरी पार्टी से दस्तावेज मंगवाए गए हैं, जिसके लिए उन्होंने समय मांगा है।
-पवन शर्मा, एसएचओ, पुलिस थाना जीरकपुर।
‘मैंने किसी की जमीन पर नहीं किया कब्जा’
मामले को लेकर जब पूर्व पंच के बेटे अमरजीत सिंह उर्फ बब्बू से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मैं एनके शर्मा के ऑफिस में हूं, इसलिए बात नहीं कर सकता। मैं आपको अकेले में मिलकर बताऊंगा। यह कहते हुए अमरजीत सिंह ने फोन काट दिया और दोबारा फोन नहीं उठाया।