कैश कलेक्शन कंपनी के मुलाजिम से 6.27 लाख लूटे
फेज-एक में सात जनवरी की है घटना, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में की जा रही है छापेेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कैश लेकर जा रहे एक प्राइवेट कंपनी से पैसे लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लुटेरों खिलाफ पुलिस स्टेशन फेज-1 में आईपीसी की धारा 380 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है जल्दी ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में जसविन्द्र सिंह निवासी गांव भागोमाजरा (खरड़) ने बताया कि वह रेडिमेड कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करता है। यह कंपनी एमेजन व अन्य बड़े मॉल्स से व एलआईसी के कैश कलेक्शन का काम करती है। वह भी अलग-अलग कंपनियों से कैश इकट्ठा करके लाता था। 7 जनवरी को वह रात आठ बजे के करीब कैश वाला बैग लेकर जा रहा था। बैग में 6 लाख 27 हजार रुपये थे। रास्ते में फेज-एक में जब वह पेशाब करने के लिए रुका तो उसने मोटरसाइकिल पर अपना बैग रख दिया था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पर आए और उसका बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस स्टेशन फेज-एक में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में लगातार इस तरह लूटने के मामले बढ़ रहे हैं। कुछ दिन पहले फेज-एक में इसी स्टाइल से एक व्यक्ति से पैसे लूटकर लिए गए थे। अभी तक उसका सुराग नहीं लग पाया है। इसके अलावा कुछ साल पहले रिलायंस फ्रैश के मुलाजिम से भी कैश लूट लिया गया था। इसके अलावा सेक्टर-80 में एक्सिस बैंक की कैश भी लूटी गई थी। उसमें एक करोड़ 34 लाख रुपये थे।