हीरों के व्यापार में प्रोफिट का लालच देकर चालीस लाख ठगे,
पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ जीरकपुर के एक व्यक्ति के साथ हीरों के व्यापार में पैसे लगा कर प्रोफिट कमाने का लालच देकर चालीस लाख रुपये की ठगी के आरोप में केस दर्ज किया है। फ़िलहाल सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
बख्शीश सिंह निवासी एरो होम्ज ने बताया कि 2015 में उसके पुराने जानकार रोहित क्वात्रा निवासी चंडीगढ़ उसके पिता सुरेश क्वात्रा उसकी बहन सारिका व जीजा नवीन ने बताया कि उनका हीरों का व्यापार है। इसे बढ़ाने के लिए उनको और पैसों की जरूरत है। शिकायत के अनुसार, उन्होंने बख्शीश से व्यापार में निवेश करने के लिए 30 लाख रुपये लिए थे। इसकी एवज में उन्होंने उसे हर साल पांच लाख प्रोफिट देने का वादा किया था। वहीं, जब प्रोफिट लेने का समय आया तो अगले साल इकट्ठा देने का कहकर टाल दिया। आरोप है कि जब उसने समय पूरा होने पर साल 2017 के पैसे मांगे तो उन्होंने इंकार कर दिया। वहीं, जब उसनेे अपने पैसों को लेकर दबाव बनाना चाहा तो उन्होंने धमकियां देनी शुरू कर दीं। दूसरी ओर, बख्शीश सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी, जिसने अपनी पड़ताल के बाद रोहित क्वात्रा, सुरेश क्वात्रा, सारिका और नवीन कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।