मोहाली पुलिस के दो हवलदार सस्पेंड
फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, एसएसपी ने दिए आदेश
खरड़। खरड़ के सेक्टर-126 स्थित एकम हाइट्स में फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में मोहाली पुलिस के दो हवलदारों सुखविंदर सिंह और बलविंदर कौर को एसएसपी कुलदीप सिंह चाहल ने सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि शशि प्रभा शर्मा निवासी फगवाड़ा की शिकायत पर इस साल छह जनवरी को दोनों के खिलाफ धारा 406, 420, 506 और 120बी के अधीन थाना सिटी खरड़ में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को दी शिकायत में शशि प्रभा शर्मा ने बताया था कि उसने एक फ्लैट लेने के लिए आरोपियों से संपर्क किया था। दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर एकम हाइट्स सेक्टर-126 खरड़ में एक फ्लैट दिखाया, उसका सौदा सामान सहित 33 लाख 5 हजार रुपये में तय हुआ। शशि प्रभा शर्मा ने आरोपियों को 31 लाख पांच हजार रुपये का चेक दे दिया। शिकायतकर्र्ता का कहना है कि न तो उसे फ्लैट मिला और उसमें रखा भी उठा लिया गया।