इलाके में काफी समय से माहौल बना हुआ तनावपूर्ण
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। गांव कुब्बाहेड़ी में गंदे पानी की निकासी को लेकर दो गुटों के बीच हुए झगड़े की जांच खरड़ के एसडीएम विनोद कुमार बंसल ने शुरू कर दी है। गांव कुब्बाहेड़ी में गंदे पानी की निकासी को लेकर पिछले तीन चार दिनों से स्थिति तनावपूर्ण बनीं हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रास केस दर्ज किया हुआ है। एसडीएम खरड़ विनोद कुमार बंसल ने गांव कुब्बाहेड़ी का दौरा किया और गांववासियों के बयान दर्ज किए।
एसडीएम खरड़ ने बताया कि वह डिप्टी कमिश्नर के आदेशों के अनुसार इस बात की जांच करेंगे कि गंदे पानी की निकासी कब से हो रही है और पूरा मामला क्या है। उन्होंने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट जल्दी ही उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। खरड़ के डीएसपी दीप कमल ने बताया कि पुलिस ने दोनो पक्षों के खिलाफ क्रास केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी बीच गांव की सरपंच जागीर कौर के लड़के हरिंदर सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि पुलिस ने जिन गांववासियों के खिलाफ इरादा कत्ल समेत अन्य धाराओं के अधीन मामला दर्ज किया है, इस लिस्ट में गांव की बुजुर्ग महिला उसकी माता जागीर कौर समेत स्वयं उसके तथा उसके 18 वर्षीय लड़के का नाम भी है। इसी प्रकार जिस व्यक्ति ने बहादुर सिंह को अगवा कर लिया था, उसके खिलाफ तथा उसकी पत्नी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गांववासियों की शिकायत पर पुलिस ने फार्म हाउस के मालिक कुलार के खिलाफ केस दर्ज नही किया है। इसी बीच गांववासियों ने खरड़ के विधायक कंवर संधू को इस मामले की सारी जानकारी दी और उनसे यह सवाल भी पूछा कि जो गनमैन वहां आए थे और जिनके पास हथियार तथा एके-47 राइफल थी, वह लोग कौन थे। गांववासियों ने विधायक को बताया कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नही कर रही है।
कंग ने दिया गांववासियों को पूरी मदद का आश्वासन
बासियां में स्थिति का जायजा लेने के लिये पूर्व कैबिनेट मंत्री जगमोहन सिंह कंग ने गांव का दौरा करके गांववासियों को हर संभव मद्द देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गांववासियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री को सारी स्थिति की जानकारी देते हुये बताया कि फार्म हाउस का मालिक गांववासियों के साथ धक्केशाही करता आ रहा है। गांववासियों ने उन्हें बताया कि पुलिस द्वारा गांववासियों पर दर्ज किया गया मामला बिलकुल झूठा है, इसलिये इस परचे को रद्द करवाया जाए और किसान बहादुर सिंह को अगवा करने तथा अगवाकारों द्वारा गोलियां चलाने के आरोप में फार्म हाउस के मालिक समेत उसके साथ आये लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। कंग ने गांववासियों को आश्वासन दिया कि किसी भी गांववासी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ यूथ कांग्रेस हल्का खरड़ के प्रधान राणा कुशलपाल तथा कृपाल सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।