सुरक्षा गार्ड और फैक्ट्री कर्मियों के बीच एंट्री को लेकर मारपीट
गांव हरीपुर हिंदुआ स्थित फैक्ट्री का मामला
सुरक्षा गार्ड द्वारा हेल्पर को थप्पड़ मारने पर भड़के कर्मी
फैक्ट्री व पुलिस की गाड़ी में की तोड़ फोड़
एक सुरक्षा गार्ड घायल, सिविल अस्पताल में दाखिल
डेराबस्सी।
गांव हरीपुर हिंदुआ स्थित ईसी ब्लेड्स एंड टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में वीरवार सुबह फैक्ट्री की गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने एक हेल्पर को थप्पड़ जड़ दिया। इससे फैक्ट्री में मौजूद सैकड़ों कर्मी भड़क गए। गुस्साए कर्मियों ने सिक्योरिटी गार्डों के साथ मारपीट के अलावा फैक्ट्री में तोड़ फोड़ की। प्रबंधकों ने जब मौके पर बुलाई पुलिस तो भड़के कर्मियों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। मामला बिगड़ता देख डीएसपी डेराबस्सी पुरषोतम सिंह बल व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह बैंस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोर्स ने भड़के कर्मियों को शांत करने के लिए लाठीचार्ज किया। वर्करों के हमले में एक सुरक्षा गार्ड जख्मी हो गया, उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सरकारी गाड़ी में तोड़ फोड़ और सुरक्षा गार्ड पर हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरवाला रोड गांव हरीपुर हिंदुआ स्थित ईसी ब्लेड्स एंड टूल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वीरवार सुबह रात की शिफ्ट खत्म होने के बाद सुबह में काम करने वाले कर्मी अंदर जा रहे थे। गेट पर काफी भीड़ होने के कारण गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ कर्मियों की तकरार हो गई। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने एक कर्मी को थप्पड़ मार दिया, जबकि गार्डों का कहना है कि सिर्फ बहस हुई थी। इससे फैक्ट्री के सैकड़ों कर्मचारी भड़क गए, जिन्होंने पहले सुरक्षा गार्डों की पिटाई की, जिसमें एक गार्ड जख्मी हो गया। इसके बाद भड़के कर्मियों ने फैक्ट्री में भी तोड़ फोड़ की। प्रबंधकों की तरफ से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़ फोड़ कर दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। डीएसपी डेराबस्सी पुरषोतम सिंह बल, थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह बैंस के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
थाना प्रमुख गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड व वर्करों का आपस में झगड़ा हो गया है। सुचना के आधार पर पुलिस भेजी गई, लेकिन भड़के कर्मियों ने गाड़ी में तोड़ फोड़ की। उन्होंने कहा कि झगड़ा सुरक्षा गार्ड की ओर से फैक्ट्री में दाखिल होने के लिए एक हेल्पर को कार्ड पंच करने को कहा, इस दौरान दोनों के बीच तकरार हो गई। तकरार इतनी बढ़ गई कि गार्ड ने एक वर्कर पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इससे भीड़ भड़क गई और उन्होंने तोड़ फोड़ की।
कैपशन-फैक्ट्री में पुलिस की गाड़ी के तोड़ फोड़ का दृश्य।
-मौके पर पहुंची पुलिस।