नाके पर पुलिस ने दो स्नैचर दबोचे
आरोपियों से सोने की चेन और स्कूटर पुलिस ने किया बरामद किया
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। खरड़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो स्नैचर को काबू किया है। खरड़ के डीएसपी दीप कमल ने बताया कि सन्नीं एनक्लेव पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई अवतार सिंह ने पुलिस पार्टी समेत देसू माजरा रोड पर नाका लगाया था। इस बीच पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक स्कूटी पर दो व्यक्ति खरड़ की ओर आ रहे हैं, जो महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर भाग जाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर स्कूटी पर आ रहे दो लोगों को जांच के लिए रोका। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह क्षेत्र में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने का काम करते हैं। पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ कर्ण पुत्र प्रेम सिंह निवासी छज्जूमाजरा कालोनी खरड़ और जतिंदर सिंह उर्फ अमन पुत्र जगतार सिंह निवासी गांव चक्क कलां नकोदर हाल वासी टीडीएस टाउनशिप कालोनी खरड़ को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने की एक चेन और स्कूटर भी बरामद किया है। इस अवसर पर एसएचओ सिटी इंस्पेक्टर कंवलजीत सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मचारी भी मौजूद थे।