वारदात को अंजाम देने के मकसद से कार में घूम रहे तीन लोगों को दबोचा
आरोपियों में दो सगे भाई शामिल, दोनों पर गुजरात में दर्ज है हत्या का केस
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। सीआईए स्टाफ खरड़ ने नाकाबंदी कर कार में सवार तीन लोगों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज राजन परमिंदर सिंह ने बताया कि उनके पास गुप्त सूचना दी थी कि सफेद रंग की आई-20 कार (एचआर-10-एबी-2930) में सवार व्यक्ति सन्नी एनक्लेव में किसी वारदात को अंजाम देने के मकसद से घूम रहे हैं।
सीआईए स्टाफ की टीम ने इस सूचना के आधार पर सन्नी एनक्लेव गुरुद्वारा के निकट नाकाबंदी कर उक्तकार में सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 32 बोर के दो रिवाल्वर और कुछ कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कार में सवार गुरप्रीत सिंह, महावीर सिंह निवासी गांव दुला सिंह वाला जिला फिरोजपुर और अशरफ निवासी गांव विनजाम जिला भुज गुजरात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शुरुआती पूछताछ के दौरान पता चला है कि गुरप्रीत सिंह और महावीर सिंह दोनों सगे भाई हैं, उनके खिलाफ थाना कुठारा जिला भुज गुजरात में पहले ही हत्या का एक मामला दर्ज है। इस केस में दोनों भाई अदालत से भगोड़ा घोषित किए जा चुके हैं। इसके अलावा इनके फिरोजपुर के गैंगस्टर गगन उर्फ जज के साथ भी संबंध हैं। सभी आरोपियों को रविवार को खरड़ अदालत में पेश किया जाएगा।