बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, उड़ा ले गए गोल्ड और कैश
अप्रैल में शिफ्ट किया था जीरकपुर, इससे पहले परिवार रहता था सेक्टर-25 पंचकूला में
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। गांव पभात में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को अपना निशाना बनाकर वहां रखी हजारों रुपये की नकदी और आभूषण चुरा लिए। घटना के समय पूरा परिवार अपने माता-पिता के पास था और जब वापस पहुंचे तो मेन दरवाजा खुला पड़ा था।
दीपक शर्मा निवासी मकान नंबर-233, गुरदेव नगर ने बताया कि परिवार में किसी का देहांत होने के बाद बीती 16 सितंबर को घर पर ताला लगाकर चले गए। काफी दिनों के बाद जब लौटे तो घर पर लगा मेन डोर पर ताला तो सही सलामत था, परंतु उसके अंदर का दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर सारा सामान बिखरा था। जबकि कमरे के अंदर अलमारी में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी और पत्नी को शादी दौरान मिली 2 सोने की अंगुठियां गायब थी। दीपक ने बताया कि मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
दीपक ने बताया कि उसका चंडीगढ़ में कोरियर और ट्रांसपोर्ट का काम है। इससे पहले वे सेक्टर-25 पंचकूला रहते थे। जबकि जीरकपुर में परिवार सहित इसी वर्ष के अप्रैल में शिफ्ट किया था।
वहीं, एसएचओ सुखविंदर सिंह ने कहा कि मामले की शिकायत के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।