मोबाइल छीनने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
खरड़। सिटी पुलिस खरड़ ने राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी खरड़ के एचएसओ इंस्पेक्टर राजेश हसतीर ने बताया कि कुछ दिन पहले मकान नंबर 1424 गिलको बजट होम की जसप्रीत कौर को शाम करीब सात बजे बाइक सवार तीन युवकों ने घेर लिया था। उनके साथ मारपीट कर उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। जसप्रीत कौर ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर ट्रैक करके आरोपी रमनदीप सिंह निवासी गांव कांडला जिला रोपड़, जशनप्रीत सिंह और अमनप्रीत सिंह निवासी गांव रतनगढ़ जिला रोपड़ को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से जसप्रीत से छीना हुआ फोन भी बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को खरड़ अदालत मे पेश किया, जहां से तीनों को पुलिस रिमांड में भेज दिया गया।