रिटायर एसडीओ के घर चोरी
जीरकपुर। ढकोली स्थित ग्रीन सिटी में चोर एक रिटायर एसडीओ के घर के ताले तोड़ कर नकदी और गहने चोरी कर ले गए। चोरी के समय मकान मालिक परिवार के साथ सत्संग सुनने चंडीगढ़ गए हुए थे। रिटायर एसडीओ बलबीर चंद निवासी 153 ग्रीन सिटी ने बताया कि रविवार को वह परिवार के साथ घर में ताला लगाकर सत्संग सुनने चंडीगढ़ गए थे। दोपहर बाद तीन बजे जब वह लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर आलमारी का लॉकर तोड़कर 25 हजार की नकदी और दो लाख के गहने चोरी कर ले गए। ढकोली पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद मौके का दौरा कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी चोरों की पहचान के लिए पड़ोसियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।