मेट्रो टाउन हाउसिंग प्रोजेक्ट में युवक की संदिग्ध हालात में मौत
पीओपी का काम करता था सुखविंदर, परिजनों ने हत्या का शक जताया
मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने की धारा 174 के तहत कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। गांव पीरमुछल्ला में निर्माणाधीन इमारत में पीओपी का काम करने वाले एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी पीरमुछल्ला के रूप में हुई है। उसके परिजनों ने हत्या का शक जताया है।
मृतक के भाई बलविंदर सिंह ने बताया कि सुखविंदर मेट्रो टाउन हाउसिंग प्रोजेक्ट के अंदर रवि नामक ठेकेदार के पास पीओपी का काम करता है। बुधवार रात सुखविंदर किसी काम से घर आया और रात करीब 10 बजे वापस हाउसिंग प्रोजेक्ट में चला गया। बलविंदर ने बताया कि सुबह ठेकेदार रवि ने बताया कि सुखविंदर की छत से गिरकर मौत हो गई। इसके बाद वह परिवार समेत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुखविंदर के शरीर पर कपड़ा नहीं था। उसके पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान थे। उसके मुंह से खून बह रह था।
जांच अधिकारी रमेशलाल ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को सुबह सात बजे मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि सुखविंदर ठेकेदार रवि के पास कार्यरत था, जो रात में सोते समय दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बलविंदर सिंह के बयानों पर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए सुखविंदर का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
मृतक के भाई बलविंदर सिंह ने बताया कि सुखविंदर के शरीर पर जो चोटों के निशान मिले हैं, उससे लगता है किसी ने उसकी पिटाई करने के बाद उसकी हत्या कर दी। बलविंदर का आरोप है कि सुखविंदर की मौत छत से गिरने से नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कोटस::::::::::
बलविंदर के बयानों के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसमें उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-रमेश लाल, एएसआई, ढकोली पुलिस थाना।