पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने दहेज के लिए मारपीट का लगाया आरोप
वुमन सेल ने की मामले की जांच, पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
सारंगपुर में विवाहित स्थानीय वार्ड नंबर-12 की लड़की की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए परेशान और मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित दलविंदर कौर ने कहा कि उसका विवाह 12 अक्तूबर 2011 को सारंगपुर निवासी मनप्रीत सिंह के साथ हुआ था। उसने बताया कि विवाह से पहले उसे ससुर परिवार द्वारा बताया गया कि उनके पास चडियाला सूदा में दस एकड़ जमीन है, लेकिन विवाह के बाद यह झूठा निकला। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस दौरान पति और ससुर परिवार के अन्य सदस्य ड्राइविंग स्कूल खोलने के लिए पैसों की मांग करने लगे। उसने 50 हजार रुपये परिवार वालों से लाकर उनको दे दिए। इस दौरान पार्टनर के साथ झगड़ा होने के बाद उसके पति ने अपना अलग से ड्राइविंग स्कूल चलाने के लिए दो लाख रुपये की मांग करने लगा। दलविंदर कौर ने बताया कि ये मांग पूरी करने के लिए उसको परेशान किया जाने लगा। इस दौरान 2013 में लड़की पैदा होने पर उसके साथ और बुरा व्यवहार किया जाने लगा। पीड़िता ने बताया कि उसके साथ मारपीट की जाने लगी। कई बार गण्मान्य व्यक्तियों ने उनका समझौता भी करवाया। उसने कहा कि मार्च 2017 में मारपीट के कारण वह बेहोश हो गई, जिसके बाद उसके माता-पिता ने उसे सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़िता ने बताया कि उसको एक हीटर पर खाना बनाने के लिए मजबूर किया जाने लगा ताकि उसको करंट लग जाए। ऐसा न होने के बाद उसको रसोई में सिलेंडर खुला छोड़ कर रसोई गैस की आग की लपेट में लाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन वह चौकसी से हमेशा बचाव करती रही। शिकायत की पड़ताल वुमन सेल द्वारा की गई, जिसकी रिपोर्ट को डीए लीगल के पास कानूनी राय के लिए भेजा गया। इस दौरान पुलिस ने दलविंदर कौर के बयानों पर कार्रवाई करते हुए उसके पति मनप्रीत सिंह, ससुर हरजिंदर सिंह और सास हरमीत कौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 406 और 498 तहत केस दर्ज कर लिया है।