70 हजार की जाली करेंसी के साथ एक गिरफ्तार
अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) की टीम ने गुप्त सूचना पर 70 हजार रुपये की जाली करेंसी के साथ एक व्यक्ति को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश कुमार (28) निवासी चीका (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने उसे डेराबस्सी की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी (डी) हरबीर सिंह अटवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि जीरकपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति घूम रहा है। वह जाली नोटों को असली बताकर चला रहा है। सीआई इंचार्ज इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह के नेतृत्व में एएसआई सतपाल सिंह समेत पुलिस पार्टी ने सिंघपुरा चौक पर नाकाबंदी की। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर रुक गया। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई।
आरोपी के पास थे 2000 के 35 नोट
आरोपी के पास से 2000 के 35 जाली नोट बरामद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी 15 हजार रुपये में यह नकली नोट खरीदकर लाया था। पता चला है कि कैथल पुलिस ने कुछ समय पहले नकली नोट चलाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उस समय आरोपी भागने में कामयाब हो गया था। मुकेश कम पढ़ा है और नशा करता है। उम्मीद है कि इसके झांसे में आए कई लोग सामने आएंगे।