सीवरेज के लिए खोदे गड्डे में गिरी कार, बाल-बाल बचा चालक
अमर उजाला ब्यूरो।
जीरकपुर।
रविवार रात एक तेजरफ्तार स्कोडा कार अनियंत्रित होकर सीवरेज का मेनहोल बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही है कि हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई, जो अपनी कार को छोड़कर घर चला गया और सोमवार सुबह आकर उसने अपनी कार को बाहर निकलवाया। जिक्रयोग है कि इसी गड्ढे में पिछले माह एक एक्टिवा सवार गिरकर घायल हो चुका है। जानकारी के मुताबिक, गिन्नी निवासी एकेएस कालोनी (जीरकपुर) ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे सर्विस लेन से होकर जीरकपुर की तरफ जा रहा था। इस बीच, रास्ते के बीचोंबीच नगर काउंसिल ने क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन की रिपेयर करने के लिए खुदाई की हुई है, जिसके अंदर कार गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के पिछले टायर हवा में थे और अगला हिस्सा सीवरेज ढक्कन में फंस गया। गनीमत यह रही कि हादसे में स्कोडा सवार युवक बाल-बाल बच गया, जो अपनी कार को वही छोड़ अपने घर जाकर सो गया। वहीं, अगले दिन सोमवार सुबह अपने साथियों की मदद से कार को बाहर निकालकर मामले की सूचना पुलिस को दी। जीरकपुर-पटियाला सड़क के बीच नगर काउंसिल के ठेकेदार ने सीवरेज लाइन की रिपेयर के दौरान आसपास किसी तरह के सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल नहीं किया गया। जबकि सड़क के बीचोंबीच खुदाई के बाद गड्ढे को खुला ही छोड़ दिया है, जो प्रशासन की लापरवाही दर्शाता है।