युवक से हेरोइन बरामद, गिरफ्तार
जीरकपुर। पुलिस ने एक युवक से 35 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। युवक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रविंदर उर्फ रवि निवासी गांव दयालपुरा के रूप में हुई है। एसआई फूलचंद ने बताया कि पुलिस ने सिंघपुरा चौक के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान एक युवक पैदल ही नाके को क्रॉस करने की कोशिश की। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोककर उससे पूछताछ की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पुलिस को 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं, पुलिस ने जब सख्ती बरती तो उसने बताया कि वह दिल्ली से हेरोइन लाकर यहां सप्लाई करता है। एसआई फूलचंद ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा। उससे पूछताछ कर दिल्ली में स्मैक सप्लाई करने वाले का पता लगाया जाएगा।