नकदी और कीमती आभूषण चुरा ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
गांव बिशनपुरा स्थित चंडीगढ़ एनक्लेव सोसाइटी के चार बंद फ्लैटों को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया और वहां से नकदी व कीमती आभूषण चुरा कर ले गए। सोसाइटी के महासचिव ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चंडीगढ़ एनक्लेव रेजीडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव राजिंदर चौहान ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से यहां चोरी की घटनाओं को लेकर शिकायतें मिल रही थी। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाकर बंद पड़े फ्लैटों के दरवाजों पर लगे तालों की जांच करने के आदेश दिए। जांच के दौरान फ्लैट नंबर-401, 304, 601 और 101 के दरवाजों पर लगे ताले टूटे पाए गए और अंदर सामान बिखरा हुआ है। इसकी जानकारी पुलिस को दी। राजिंदर चौहान ने पुलिस को बताया है कि फ्लैट नंबर-401 में उनके जीजा अंकुश शर्मा रहते हैं, जो परिवार के साथ छुट्टियां मनाने हिमाचल प्रदेश में हैं। चोर उनके जीजा अंकुश के घर से करीब 12 हजार रुपये नकदी और 50 हजार के आभूषण चुरा कर ले गए हैं। फ्लैट नंबर-304 में एक डिजीटल कैमरा, चांदी के बर्तन और 20 हजार की नकदी गायब है। फ्लैट नंबर-601 के मालिक अभी शहर से बाहर हैं, जिनके आने के बाद चोरी हुए सामान का पता चल जाएगा। फ्लैट नंबर-101 पिछले लंबे समय खाली ही पड़ा हैं, जिसके भी ताले टूटे हुए हैं।
बाक्स
मुख्य मकसद नकदी और आभूषण चुराना
राजिंदर ने बताया कि चोरों का मुख्य मकसद नकदी और आभूषण ही चुराना था, इसलिए अलमारियों के अंदर कपड़े सही सलामत हैं। स्टोर में पड़े लोहे के ट्रंकों को भी चोरों ने खंगाला, जहां से कुछ न मिलने के कारण खुला छोड़ गए। उन्होंने बताया कि बाकी फ्लैटों में चोरों का फोकस नकदी और आभूषण चोरी करना ही था।