घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालने की वीडियो आई सामने
आरटीआई एक्टीविस्ट ने डीसी मोहाली को भेजी शिकायत
मामले की जांच शुरू कर दी है : एजेंसी मालिक
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
एक नामी गैस एजेंसी के मुलाजिम द्वारा सीलबंद घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडर में भरने का मामला सामने आया है। इसको लेकर आरटीआई एक्टीविस्ट ने मामले की शिकायत और एक वीडियो डीसी मोहाली को दी है। जब इस संबंध में गैस एजेंसी के मालिक से बात की गई तो उसने पहले पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से पहचान की धमकी दी, फिर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया।
जिक्रयोग है कि गैस एजेंसी से सिलेंडर उतारकर छोटे सिलेंडर में गैस भरने का एक वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो गई है। जो लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जीरकपुर निवासी आरटीआई एक्टीविस्ट जगजीत सिंह ने डीसी को भेजी शिकायत में बताया कि गांव दयालपुरा में इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ी खड़ी थी। उसमें मौजूद कर्मचारी ने घरेलू सिलेंडर को नीचे उतारा और उसकी सील खोलकर अन्य सिलेंडर में गैस भरना शुरू कर दिया। जब उससे इस बारे में पूछा गया तो वह मौके से भाग गया। कर्मचारी की इस हरकत को जगजीत सिंह ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारी से मेरे हैं संबंध
जब गैस एजेंसी के मालिक जेके शर्मा से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने खुद को पंजाब पुलिस के एक आईजी का करीबी बताकर खबर प्रकाशित न करने का दबाव बनाया। इसके बाद उसने बताया कि उनकी गाड़ी दयालपुरा में सिलेंडर सप्लाई के लिए गई थी, लेकिन घरेलू सिलेंडरों से कारिंदे द्वारा गैस निकालने का मामला मेरे ध्यान में नहीं है। इस बारे में मुझे वीडियो से पता चला है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कर्मचारी को निकाल दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।