खरड़ कोर्ट कांप्लेक्स से वकील का कोट ले गए चोर
कोर्ट की जेब में थे पांच हजार, पैन कार्ड व अन्य सामान
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़।
वैसे तो चोरी के कई किस्से आपने सुने होंगे, लेकिन खरड़ में चोरी का एक नया मामला सामने आया है। कोर्ट कांप्लेक्स से वकील का ही कोट चोरी हो गया है। कोट में वकील की करीब पांच हजार की नकदी, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज थे। वकील ने इस संबंध में बार काउंसिल को शिकायत दी है। साथ ही पुलिस से भी इस मामले में दखल देने की मांग की है। हालांकि कोर्ट कांप्लेक्स में वकीलों के चैंबर से चोरी होने के मामले ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, पूरी अदालत में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर वकील का कोट कौन ले गया।
जानकारी के मुुताबिक, खरड़ स्थित कोर्ट कांप्लेक्स में बने वकीलों के चैंबरों से बुधवार को एक वकील का कोट चोरी हो गया। इस बारे में बार काउंसिल खरड़ को दी शिकायत में सीनियर वकील केके शर्मा ने बताया कि वह अपने चैंबर नंबर-9 में कोट टांग कर बाहर गए थे। जब वापस लौटे तो देखा कोट वहां नहीं था। उन्होंने बताया कि कोट में कुछ जरूरी कागजात, पांच हजार रुपये और पैन कार्ड भी था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए कोर्ट कांप्लेक्स के बाहर पंजाब पुलिस के कर्मचारी तैनात किए गए हैं, इसके बावजूद वकीलों के चैंबरों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले एक वकील का लैपटॉप चोरी हो गया था। साथ ही कैंटीन मालिक का गैस चूल्हा भी चोरी हो चुका है। उन्होंने वकीलों के चैंबरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जिक्रयोग है कि इससे पहले मोहाली की पुरानी अदालत में इस तरह का मामला सामने आया था। चोर अदालत में लगे पांच एसी ले गए थे। इस संबंधी मटौर थाने में अदालत की तरफ से शिकायत पर केस दर्ज हुआ था। अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।