डीसी आफिस में काम से आए व्यक्ति की कार ले गए चोर
मोहाली। शहर में सक्रिय कार चोर गिरोह ने शुक्रवार को सेक्टर-76 स्थित प्रबंधकीय कांप्लेक्स की पार्किंग में खड़ी एक एसेंट कार को अपना निशाना बनाया। सूचना पाकर थाना सोहाना की पुलिस मौके पर पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस का कहना है कि चोरों की तालाश शुरू कर दी है।
डेराबस्सी निवासी गुरचरन चौधरी ने बताया कि वह सर्वहितकारी स्कूल डेराबस्सी में सुपरिंटेंडेंट के तौर पर तैनात है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे वे अपनी सिल्वर रंग की एसेंट कार नंबर सीएच04-2563 पर डीसी कांप्लेक्स स्थित शिक्षा विभाग के आफिस में काम के लिए गए थे। कांप्लेक्स के बाहर सड़क पर कार खड़ी करके वे आफिस में चले गए। करीब 20 मिनट बाद वापस आए तो कार वहां पर नहीं थी। तालाश करने पर भी कार नहीं मिली तो पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।