जीरकपुर। दिवाली की छुट्टियों के चलते परिवार के गांव जाने पर ढकोली की गुरू नानक एन्क्लेव के एक बंद पड़े घर के ताले तोड़ कर चोर लाखों रुपये की नगदी और सोने, चांदी के गहने चोरी करके ले गए। घर के मालिक ने पुलिस को मामले की शिकायत कर दी है। घटना की जानकारी देते घर के मालिक राजीव कुमार ने बताया कि 2 नवंबर को दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए अपने परिवार समेत वह अपने पैतृक गांव गए थे और रविवार को वापस आ कर उन्होंने देखा तो घर के ताले टूटे हुए थे। उन्होंने घर के अंदर जा कर देखा तो कमरों में सारा समान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर 60 हजार के करीब नगदी और ढाई लाख की कीमत के गहने चुराकर ले गए हैं। इनमें 1 सोने की चेन, 3 सोने की अंगुठियां, सोने के कांटे, सोने का मंगल सूत्र व 4 सोने की चूड़ियां, 10 चांदी के सिक्के, 2 चांदी की चूड़ियां आदि शामिल हैं। जब इस संबंध में थाना प्रमुख अमृतपाल सिंह सिद्धू ने बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह रविवार को छुट्टी पर है सोमवार को मामले की जांच करेंगे।