घर के बाहर खड़ी कार चोरी, एक्टिवा से आए थे चोर
-सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
बलटाना की शिव कालोनी से चोर घर के बाहर खड़ी कार ले गए। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस चौकी में दे दी है। उपेंद्र कुमार निवासी शिव कालोनी ने पुलिस को बताया कि बीती रात उन्होंने अपनी मारुति जैन कार घर के बाहर पार्क की थी। सुबह उठकर देखा तो कार गायब थी। उन्होंने कार की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। दूसरी ओर, उपेंद्र की शिकायत पर पुलिस मामले की पड़ताल करने पहुंची। पुलिस ने कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। पुलिस को एक कैमरे से कार चोरी किए जाने की फुटेज मिली है। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर देर रात एक्टिवा पर आते दिख रहे हैं जो कार को धक्का मारकर गली से बाहर ले गए। गली के बाहर निकालकर चोर कार लेकर फरार हो गया। जांच अधिकारी सरताज सिंह ने बताया कि उपेंद्र की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।