खरड़। सिटी पुलिस ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक पति पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में बिल्डर रोहित शैंपी ने बताया कि उसकी कंपनी द्वारा स्वागत सिटी नाम से संते माजरा में एक प्रोजैक्ट शुरू किया गया था, जिसमें कुल 40 प्लाट तथा 14 दुकानें थी। उसने बताया कि इस जमीन में से लगभग एक एकड़ जमीन वेस्ट जोन डिवेल्पर एंड औरचिट ग्रीनज के डायरेक्टर मनमोहन सिंह तथा परमजीत कौर को 3 करोड़ 95 लाख में बेच दी थी। बयाना करते समय खरीददार ने उसे 45 लाख रुपये नगदी के अलावा बाकी की रकम के कुल तीन पोस्ट डेटिड चेक भी दिए थे। इसके कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को जमीन की जीपीए (जनरल पावर आफ अटार्नी) उसके नाम करवाने के लिये कहा ताकि वह प्लाट बेच कर उसकी बकाया रकम उसे दे सके। इस बात से सहमत होकर रोहित ने जमीन की जीपीए करवा दी। इसके बाद मनमोहन सिंह ने इस जमीन पर निर्माण करके कब्जा कर लिया और उस द्वारा दिए गए सारे चैक बारी बारी बाउंस होने लग गये। इसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा बार बार कहने पर मनमोहन सिह ने कुछ रकम उसे वापिस कर दी परंतु 3 करोड़ 10 लाख रुपये देने से मनमोहन सिंह तथा उसकी पत्नी ने साफ मना कर दिया। अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत कंपनी मालिक ने जिला पुलिस प्रमुख को दी जिसकी जांच पूरी होने के बाद जिला पुलिस प्रमुख के आदेशों पर स्थानीय पुलिस ने दोनों आरोपी पति पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।