बेलारूस भेजने के नाम पर ठगी, गिरफ्तार
मोहाली। एक महिला को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वरिंद्र सिंह निवासी माता गुजरी एनक्लेव खरड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, वहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। बलौंगी के एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। पटियाला निवासी अमनदीप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 2016 में वरिंद्र सिंह ने उसे विदेश भेजने के नाम पर पांच लाख 80 हजार रुपये लिए थे। एजेंट को बेलारूस में स्टडी वीजा दिलवाना था, लेकिन बाद में पता चला कि उसने महिला की कॉलेज फीस जमा नहीं करवाई थी। उसके बाद वरिन्द्र ने अपना आफिस चंडीगढ़ में खोल लिया था। अब फिर खरड़ के टीडीआई सिटी में यूरोप स्टडी सेंटर खोल कर काम शुरू कर दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।