संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पुलिस ने एक नशा तस्कर को 13 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जशनप्रीत सिंह निवासी गांव ललचिया तहसील गुरु हरसहाय, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। आरोपी झारखंड से अफीम लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी की सियाज कार भी बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ जीरकपुर थाने में एनडीपीएस का केस दर्ज किया गया है। उसको सीआईए स्टॉफ व जीरकपुर पुलिस ने साझा ऑपरेशन चलाकर दबोचा है। पुलिस ने उसको डेराबस्सी अदालत में पेश किया, यहां से उसे दो के पुलिस पर रिमांड पर भेज दिया है।
एसपी देहाती मनप्रीत सिंह ने बताया कि एसएचओ जीरकपुर जसकंवल सेखों और सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने ड्रग तस्करों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत साझा ऑपरेशन चलाया था। टीम को सूचना मिली थी कि फिरोजपुर निवासी एक ड्रग तस्कर झारखंड से अफीम लाकर पंजाब में तस्करी करता है। यह भी बताया कि आरोपी जीरकपुर के रास्ते मोहाली जाएगा। टीम ने सूचना पर नाकाबंदी कर आरोपी जशनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जब उसकी तलाशी ली तो अफीम बरामद हुई। आरोपी की पूछताछ में सामने आया कि उसके खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में हत्या के प्रयास में थाना अरनीवाला जिला फाजिल्का में एनडीपीएस के दो केस दर्ज हैं।