मोहाली। नशे के खिलाफ मोहाली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया हुआ है। वर्ष 2024 में 560 मामले दर्ज हुए और 818 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस साल 8 माह में 1552 तस्करों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। 1552 ही एफआईआर दर्ज की गई हैं। कॉमर्शियल मात्रा के मामलों में भी कंट्रोल बढ़ा है। पिछले साल 71 मामले दर्ज हुए थे और 123 लोगों को गिरफ्तार किया गया था जबकि इस साल 68 मामले दर्ज हुए हैं और 127 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मोहाली जिले में अब तक पांच करोड़ रुपये से अधिक ड्रग तस्करों की प्रॉपर्टी अटैच की गई है और कई ड्रग तस्करों के घर जो उन्होंने नशा बेचकर बनाए थे गिराए गए हैं। डीआईजी रोपड़ रेंज हरचरन सिंह भुल्लर ने बताया कि नशों को खत्म करने के लिए पुलिस टीमें हर गांव व वार्ड स्तर पर गांव डिफेंस कमेटियों की मीटिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन जिलों मोहाली, श्री फतेहगढ़ साहिब व रोपड़ में अब तक 1264 मीटिंगें की गई हैं। 296 मीटिंग वार्ड स्तर पर हुई हैं। डीआईजी भुल्लर ने कहा कि मेन ड्रग डीलरों को गिरफ्तार कर जेलों में बंद किया गया है। नशों के आदी 9900 नौजवानों को ड्रग एडीक्शन सेंटर में भर्ती किया गया है।