मोहाली। सिविल अस्पताल के पास फेज 6 में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हर शुक्रवार, डेंगू पर वार अभियान चलाया। इस दौरान घर-घर जाकर डेंगू से बचाव के लिए निरीक्षण किया गया।
सिविल सर्जन संगीता जैन और सीनियर डिप्टी मेयर राजिंदर प्रसाद शर्मा भी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने कूलर, गमले और पानी की टंकियों जैसे स्थानों की जांच की। इन जगहों पर मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है। जिन घरों में डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा मिला, उनके मालिकों को चेतावनी दी गई। उन्हें बताया गया कि अगली बार लार्वा मिलने पर नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। संगीता जैन ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। उन्होंने बताया कि एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन में काटता है। सीनियर डिप्टी मेयर ने सप्ताह में एक बार पानी के सभी कंटेनरों की सफाई करने को कहा। उन्होंने कूलरों का पानी प्रतिदिन बदलने की भी अपील की।