मोहाली। तरनतारन के गांव पंडोरी गोला में हुए ब्लास्ट मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एमआईए) ने तेज कर दी है। एजेंसी ने मामले के आठ आरोपियों को शुक्रवार को मोहाली स्थित एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने जहां तीन आरोपियों को 11 अक्तूबर तक पुलिस कस्टडी मे भेज दिया जबकि पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एजेंसी ने इस दौरान अदालत में कहा कि यह बंब धमाका बड़ी साजिश का हिस्सा था। उन्हें प्रत्येक बिंदु पर जांच करनी है और ऐेसे में उन्हें आरोपियों का रिमांड चाहिए।
जानकारी के मुताबक एनआईए की तरफ से अमृतपाल सिंह, हरजीत सिंह और गुरजंट सिंह को अदालत ने एनआईए कस्टडी में भेज दिया। इनका रिमांड लेने के लिए एनआईए ने कहा कि इनसे पूछताछ करनी है। पूछताछ में कई और राज खुलेंगे। अदालत ने एजेंसी को आदेश दिए हैं कि गुरजंट सिंह का नियमित मेडिकल करवाया जाए क्योंकि धमाके में उसकी दोनों आंखों को नुकसान हुआ है। वहीं अन्य आरोपियों मनप्रीत सिंह, मस्सा सिंह, चन्नदीप सिंह, अमरजीत सिंह और मनदीप सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उक्त सभी लोगों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था।