मोहाली। वार्ड नंबर-27 की परविंदर कौर और वार्ड नंबर-30 के पार्षद विनीत मलिक ने बिजली बोर्ड के ठेका कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आ रही समस्याओं के संबंध में पंजाब राज्य बिजली बोर्ड मोहाली के एसई को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में लिखा है कि ठेका पर कार्यरत कर्मचारियों की हड़ताल के कारण दोनों वार्डों के निवासियों को बिजली आपूर्ति के मामले में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि विद्युत विभाग के नियमित कर्मचारी (लाइनमैन, जेई और एसडीओ) हर मामले में सहयोग प्रदान कर समस्या के समाधान का हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने मांग की है कि अनुबंध कर्मचारियों का मुद्दा हल किया जाए और उनकी मांगों को पूरा किया जाए ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।