डेराबस्सी। शहर के नजदीकी गांव माहींवाला में एलईडी लाइट लगाते हुए नगर परिषद की ठेका कंपनी के एक कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जगरूप सिंह निवासी राजपुरा के रूप में हुई है। वह अभी अविवाहित था और अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद की ओर से शहर में पुरानी स्ट्रीट लाईटों को बदल कर एलईडी लगाने का काम चल रहा है। इसका ठेका एक निजी कंपनी को दिया हुआ है और मृतक इसी कंपनी में ठेके पर काम करता था। यह हादसा उस समय हुआ जब वह गांव माहींवाला में एलईडी लाइटें लगा रहा था। जिस इलाके में वह लाइट लगाने लगा था उस समय पीछे से किसी ने बिजली का कनेक्शन बंद नहीं किया और उसको करंट लग गया। शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।