पंजाब में कोविड वैक्सीन के टीकाकरण अभियान की शुरुआत के पहले ही दिन शनिवार को सेहत स्वास्थ्य विभाग निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं कर पाया। पहले दिन इस महामारी के खिलाफ फ्रंटलाइन योद्धाओं को 5,800 टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन केवल 1327 इंजेक्शन ही लगाए जा सके।
इस संबंध में विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण अभियान के बारे में पोर्टल देरी से शुरू होने के कारण सभी सदस्यों तक समय पर टीकाकरण के बारे में जानकारी नहीं पहुंच सकी।
इसके चलते पहले दिन टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सका। उन्होंने इन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा जा रहा है कि कई जिलों में हेल्थ वर्करों ने टीका लगवाने से इनकार कर दिया है। अधिकारी ने कहा कि पहले दिन जितने भी इंजेक्शन लगाए गए हैं, उनमें किसी तरह के विपरीत प्रभाव का कोई मामला सामने नहीं आया है।
अभियान के पहले दिन की सफलता से न केवल स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में उत्साह है बल्कि आम लोगों में भी फैली भ्रांतियां दूर हुई हैं। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन स्वास्थ्य विभाग के पास अनेक स्थानों से यह सवाल किए गए कि पूरे राज्य में आम लोगों के लिए टीकाकरण अभियान कब शुरू होगा।
पंजाब में सबसे पहले सुरजीत सिंह को लगा टीका
पंजाब में पहला टीका मोहाली अस्पताल में तैनात दर्जा चार मुलाजिम सुरजीत सिंह को लगा। उन्होंने बताया कि वे पूरी तरह तंदुरुस्त हैं। उन्होंने लोगों से टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की। कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि इस महामारी को हराने के लिए हमारे पास और कोई विकल्प नहीं है।
टीका पूरी तरह से सुरक्षित : अमरिंदर सिंह
मोहाली में किसान चैंबर में पहुंचे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कोरोना टीके को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। वह गलत है। टीका पूरी तरह ठीक है। इससे कोई नुकसान नहीं है। मोहाली से कोरोना टीकाकरण की शुरुआत करते हुए कैप्टन ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मैं तो पंजाब में सबसे पहले कोरोना टीका लगवाने के लिए तैयार था। हालांकि केंद्र सरकार ने टीके को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी थी। जिसके कारण यह नहीं हो पाया। वह तो पहले ही अपनी राय रख चुके थे।
कैप्टन ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते तो वे ही पंजाब में सबसे पहले टीका लगवाने वाले होते। उनकी तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा गया है कि जरूरतमंद लोगों को फ्री टीका लगाया जाए। इसके बाद सीएम मोहाली सिविल अस्पताल के लिए रवाना हुए जहां से टीकाकरण की मुहिम शुरू होगी।
पंजाब में कोरोना महामारी का समापन शुरू : सिद्धू
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा है कि राज्य में कोरोना महामारी के समापन की शुरुआत हो चुकी है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग इस महामारी के जड़ से खत्म होने तक कोई कोताही नहीं बरतेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस महामारी से निपटने में जिस मुस्तैदी का परिचय दिया, उसी की बदौलत राज्य में कोरोना वायरस बहुत ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सका। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ राज्य सरकार का मिशन फतेह पूरी तरह कामयाब रहा है।