बढ़ रहा कोरोना, मोहाली जिले में 17 संक्रमित मिले
शहरी इलाकों से आ रहे अधिकतर केस, स्वास्थ्य विभाग ने तेज की सैंपलिंग
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। जिले में कोरोना ने एक बार फिर से पैर पसारना शुरू कर दिया है। मंगलवार को 17 लोग कोरोना संक्रमित मिले, जबकि तीन मरीज ठीक हुए। साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 49 पहुंच गई है। कोरोना के मरीज बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ा दी है।
मंगलवार को 157 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 84 सैंपल सरकारी अस्पताल से तो 73 निजी अस्पतालों में से लिए गए। सभी सक्रिय 49 मरीजों का इलाज इस समय घर में चल रहा है। दूसरी ओर सक्रिय मरीजों की बात करें तो 47 शहरी और दो ग्रामीण इलाके से संबंधित हैं। जिले में अब तक 101253 लोगों को कोरोना हो चुका है। अब तक कोरोना को 100036 लोग मात दे चुके हैं। वहीं 1168 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।