मोहाली। जिले के लोगों को शुक्रवार को कोरोना से बड़ी राहत मिली। कई दिनों के बाद जिले में किसी भी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई। वहीं, कोरोना संक्रमित होने वालों की अपेक्षा कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी अधिक रही है। एडीसी आशिका जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को जिले में 48 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, 67 लोग तंदुरुस्त हुए हैं। इसके साथ ही जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1530 रह गई है।
जानकारी के मुताबिक मोहाली जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ अब कम होने लगा है। संक्रमित हुए 48 लोगों में बनूड़ से एक, डेराबस्सी से चार, ढकोली से एक, घडुआं से तीन, खरड़ से पांच और मोहाली क्षेत्र से 34 केस सामने आए हैं। वहीं, जिले में अब तक कोरोना के कुल 17849 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 15984 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं। जबकि 335 लोगों की जान जा चुकी है। बता दें कि कोरोना से लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अपने स्तर पर कई प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-104 शुरू हो गया। इसके अलावा लोगों की काउंसिलिंग के लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाया गया है। इतना ही नहीं 24 घंटे कोरोना के टेस्ट करवाने के लिए फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में स्पेशल कॉर्नर स्थापित किया गया है।