मोहाली। जिले में कोरोना महामारी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कोरोना संक्रमित दो और लोगों की मौत हो गई। जबकि रिकॉर्ड 149 लोग नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही मोहाली में अब सक्रिय मरीजों की संख्या दो हजार के पार 2079 पर पहुंच गई। वहीं, इस दौरान 71 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है।
डीसी गिरीश दियालन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कोरोना महामारी को मात देने के लिए वह कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें, जिससे कोरोना महामारी पर नकेल कसी जा सके। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को दो लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 284 पर पहुंच गया। जबकि सेहत विभाग की ओर से इन दोनों मौतों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा नहीं की गई।
वहीं, जो नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उनमें बूथगढ़ से एक, डेराबस्सी से चार, ढकोली से 14, खरड़ से 3, लालड़ू से 8, मोहाली में 119 कोरोना केस आए हैं। वहीं, अब तक जिले में कुल 15747 केस सामने आए हैं। इनमें से 13384 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 2079 सक्रिय मामले हैं। वहीं, अब तक 284 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि एक समय में मोहाली कोरोना मुक्त हो गया था। लेकिन अब कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। जिसकी वजह से एक बार कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। रिकवरी रेट गिर रहा है। वहीं, अधिकारियों की मानें तो अब तक जिन लोगों की कोरोना की वजह से जान गई, उसमें से अधिकतर गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।